भारत

पर्यटकों के बढ़ते दबाव से शिमला की सडक़ें जाम

Shantanu Roy
14 Jun 2026 4:23 PM IST
पर्यटकों के बढ़ते दबाव से शिमला की सडक़ें जाम
x
Shimla. शिमला। वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद के चलते राजधानी शिमला की सडक़ों पर शनिवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक दबाव सर्कलर रोड पर देखने को मिला, जहां वाहनों की लंबी कतारों के कारण यातायात रेंगता रहा। पुलिस प्रशासन जाम खुलवाने और यातायात को सुचारू बनाए रखने में जुटा रहा, लेकिन पर्यटकों के वाहनों की अधिक संख्या के चलते कई स्थानों पर लोगों को लंबे समय तक फंसना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल समाप्त होने के बाद भी शिमला में पर्यटकों की आमद कम नहीं हुई है। शनिवार को शहर के होटलों की ऑक्यूपेंसी 85 प्रतिशत तक पहुंच गई। होटल कारोबारियों के अनुसार अगले पूरे सप्ताह के लिए भी एडवांस बुकिंग जारी है और अधिकांश होटलों में कमरे पहले से आरक्षित किए जा रहे हैं। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के बीच शिमला का सुहावना मौसम पर्यटकों को
आकर्षित कर रहा है।


पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी देखने को मिला। मॉल रोड, रिज मैदान, लक्कड़ बाजार, जाखू मंदिर और अन्य स्थलों पर दिनभर चहल-पहल रही। सर्कुलर रोड से मॉल रोड को जोडऩे वाली लिफ्ट पर भी लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस बार सीजन उम्मीद से बेहतर रहा है। बड़ी संख्या में पर्यटक रेल मार्ग से भी शिमला पहुंच रहे हैं। कालका-शिमला रेल मार्ग पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनें 12 जुलाई तक बुक हैं। वीकेंड पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर शिमला की यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। शनिवार को अवकाश होने के कारण स्थानीय वाहनों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन पर्यटकों के वाहनों का दबाव काफी अधिक रहा। इसके चलते सर्कुलर रोड सहित कई संपर्क मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगाना पड़ा।
Next Story