भारत

शिमला पुलिस का नशे के सौदागरों पर शिकंजा

Shantanu Roy
1 Jun 2026 3:51 PM IST
शिमला पुलिस का नशे के सौदागरों पर शिकंजा
x
Shimla. शिमला। शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 के दौरान अब तक पांच माह में नशा तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 136 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 291 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का यह अभियान जिला में नशे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जारी है। पुलिस ने वैज्ञानिक और पेशेवर जांच के माध्यम से मामलों की पड़ताल करते हुए नशे की सप्लाई चेन तक
पहुंच बनाई है।

बैकवर्ड लिंकज स्थापित कर पुलिस ने नशा तस्करी गिरोह के 43 मुख्य सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल तथा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से जुड़े आरोपी शामिल हैं। जिला शिमला पुलिस ने इस अभियान के दौरान 33 अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नशा आपूर्ति नेटवर्कों को ध्वस्त करने में भी सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने 1.85 किलोग्राम चिट्टा, 50 ग्राम मेथामफेटामाइन, 11.6 ग्राम एलएसडी, 14 किलोग्राम चरस तथा 11.5 ग्राम अफीम बरामद की है।
Next Story