भारत

चंबा की सीमा में आने वाले चरवाहों की हो जांच

Shantanu Roy
15 May 2025 4:51 PM IST
चंबा की सीमा में आने वाले चरवाहों की हो जांच
x
Chamba. चंबा। विश्व हिंदू परिषद इकाई चंबा ने जिला की ऊपरी धारों पर मवेशियों को लेकर जिला चंबा में प्रवेश करने वाले लोगों की गहन जांच पड़ताल करने की मांग उठाई है। इस आशय की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल की अगवाई विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष डा. केशव वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि गर्मियों के सीजन में पंजाब और अन्य स्थानों से मवेशियों संग लोग चंबा जिला की धारों का रुख
करते हैं।

वर्तमान समय में भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति है। ऐसे में अवांछनीय तत्त्व मवेशियों को लाने की आड़ में जिला में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में सतरुंडी कांड के जख्म जिला चंबा आज भी नहीं भूल पाया है। उन्होंने कहा कि पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें परमिट का गलत प्रयोग किया जा रहा था। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जिला चंबा के सीमांत क्षेत्रों में मवेशियों को लेकर आने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी जाए और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के विनोद शर्मा, पूर्व भाजपा जिला अध्यख जसबीर नागपाल, सेवा भारती के अध्यक्ष संदीप मैहरा व शम्मी आदि मौजूद रहे।
Next Story