शशि थरूर बाल-बाल बचे, उपद्रवियों ने काफिले को रोका और गनमैन के साथ किया मारपीट

केरल। मलप्पुरम जिले के वंडूर (Wandoor) इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ बदसलूकी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यूडीएफ (UDF) उम्मीदवार ए.पी. अनिलकुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जा रहे शशि थरूर के वाहन को अज्ञात हमलावरों ने न केवल रोका, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी (गनमैन) के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है.
थरूर की टीम के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. शशि थरूर पहले वाहन में सवार थे. अचानक दो कार में सवार होकर आए करीब 8 लोगों ने बीच सड़क पर थरूर की गाड़ी को जबरन रुकवा लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका और कार के शीशों को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया.
जब स्थिति बिगड़ती देख शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई, जिससे मौके पर काफी तनाव फैल गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लिया है.





