भारत

शाहपुर अस्पताल को हाइटेक अल्ट्रासाउंड मशीन

Shantanu Roy
3 Jun 2026 5:39 PM IST
शाहपुर अस्पताल को हाइटेक अल्ट्रासाउंड मशीन
x
Shahpur. शाहपुर। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को नागरिक अस्पताल शाहपुर में लगभग 28 लाख रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा के शुरू होने से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ ज्वाली विधानसभा क्षेत्र तथा चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। केवल सिंह पठानिया ने इस महत्त्वपूर्ण सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए जनता को यह बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हो रहा नागरिक अस्पताल शाहपुर का नया भवन लगभग तैयार हो चुका है और इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित कर
दिया जाएगा।


कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक करोल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सतलुज विद्युत निगम लिमिटेड के एचआर विभाग के प्रमुख शैलेश दत्त विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने निर्माणाधीन शाहपुर अस्पताल भवन, पॉली क्लीनिक शाहपुर व शहीद स्मारक का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, ओएसडी आयुष डा. सुनीत पठानिया, बीएमओ शाहपुर डा. कविता, एटीसी शाहपुर की प्रभारी डा. सुनंदा पठानिया, पूर्व विस सचिव गोवर्धन, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण बीएम ठाकुर, एसीएफ पंकज, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशाषी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल आदि मौजूद रहे।
Next Story