भारत

भीषण शीतलहर, कई राज्यों में येलो अलर्ट

Nilmani Pal
12 Jan 2026 7:27 AM IST
भीषण शीतलहर, कई राज्यों में येलो अलर्ट
x
पढ़े पूरी खबर

रायपुर/दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों भीषण शीतलहर की चपेट में है. कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है और कई इलाकों में शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस मौसम की पहली शीत लहर दर्ज की गई है. इस साल पहली बार न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया.

दिल्ली का आयानगर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पालम वेदर स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है. IMD के मुताबिक, सफदरजंग ऑब्जर्वेटरी में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इसी तरह की ठंड बने रहने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है. राज्य के कई हिस्सों में शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई है. प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान 0 से 2 डिग्री नीचे पहुंच गया, जबकि बाड़मेर में यह 0 से 1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. पिलानी में 1.2 डिग्री, सीकर में 1.7 डिग्री, लूणकरनसर में 1.9 डिग्री और चूरू व झुंझुनू में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन और राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है. पंजाब और हरियाणा में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं.

पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के हिसार में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लुधियाना, पटियाला, अमृतसर और गुरदासपुर में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. जम्मू-कश्मीर में ठंड और भीषण रूप ले चुकी है. यहां तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से 5.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के शोपियां में यह 0 से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. पहलगाम में भी तापमान 0 से 7.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. कश्मीर घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जब 40 दिनों तक कड़ाके की ठंड और बर्फबारी की आशंका बनी रहती है.


Next Story
null