भारत

सडक़ सुविधा के लिए कुर्बान कर दी सात कनाल भूमि

Shantanu Roy
24 Jun 2025 5:29 PM IST
सडक़ सुविधा के लिए कुर्बान कर दी सात कनाल भूमि
x
Nagarota Bagwan. नगरोटा बगवां। कई जगह जहां भूमि की उपलब्धता न होने से विकास की योजनाएं लटक कर रह जाती है तथा लोग जनहित में अपनी निजी भूमि का एक ईंच हिस्सा भी छोडऩा नहीं चाहते, वहीं नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने सराहनीय पहल कर सामुदायिक विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर खूब तालियां बटोरी हैं। विधानसभा क्षेत्र की तहसील बड़ोह के लूहना के करीब 24 परिवारों ने सडक़ की सुविधा पाने के लिए करीब सात कनाल भूमि लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी, जिससे क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों के लोगों को इस सडक़ का लाभ होगा। इसके निर्माण से लोगों को अब बड़ोह मुख्यालय की 25 किलोमीटर दूरी घटकर करीब 3 किलो मीटर रह जाएगी।

जानकारी यह है कि स्थानीय विधायक आरएस बाली के निर्देश पर इलाके के कुछ कार्यकर्ताओं ने इस काम का बीड़ा उठाकर भू-मालिकों से संपर्क साधा तथा उन्हें सडक़ सुविधा के लिए सहयोग की अपील की । काबिलेजिक्र है कि उक्त सडक़ को बनाने की लोगों की हसरत गत दो दशकों से अधूरी थी। एक बार पुन: कुछ लोगों के प्रयास और स्थानीय लोगों के बलिदान से ग्रामीणों के अधूरे स्वप्न के पूरा होने की उम्मीद जगी है । विशेष बात इस संदर्भ में यह है कि दो दिन पहले सभी संबंधित लोगों ने बड़ोह तहसील में हाजिरी भर के सामूहिक रूप से अपनी भूमि को स्वेच्छा से लोक निर्माण विभाग के नाम कर दिया। लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही स्थानीय विधायक के आश्वासन के तहत उन्हें सडक़ सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय कार्यकर्ताओं में शामिल अजय सिंह ने बताया कि सडक़ के निर्माण व बनने वाले पुल के लिए करीब 4 करोड़ की डी पी आर लोक निर्माण विभाग ने तैयार कर ली है। लोगों ने अपील की है कि उन्होंने अपना काम कर के निर्माण का मार्ग साफ कर दिया अब सरकार अपना काम कर उन्हें सुविधा प्रदान करे।
Next Story