
दिल्ली। दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के सोहना इलाके में एक फार्म हाउस के मालिक को अपने नौकर के साथ मारपीट करना उस समय भारी पड़ गया जब नौकर ने दराती से उसपर हमला कर दिया. उसने मालिक पर एक के बाद एक वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद नौकर दिल्ली भाग गया. हालांकि, पुलिस ने हत्या की वारदात के कुछ ही घण्टो बाद नौकर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया है. गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 6 अप्रैल को थाना सदर सोहना में सूचना मिली कि सोहना बल्लभगढ़ रोड हरचंदपुर बस अड्डा के पास एक फार्म हाउस में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई है. इस पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची जहां पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था. मृतक की पहचान 36 साल के राहुल निवासी गांव घाटा, गुरुग्राम के रूप में हुई.
मृतक के भाई ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका हरचंदपुर बस अड्डे पर एक फार्म हाउस है जिसमें कुछ कमरे बने हुए हैं. फार्म हाउस की देखभाल के लिए उन्होंने खेमचंद नामक व्यक्ति को रखा हुआ था. 5 अप्रैल को उसका भाई एक व्यक्ति के साथ फार्महाउस पर पहुंचा था.वह व्यक्ति उसके भाई को फार्म हाउस पर छोड़कर चला गया. 6 अप्रैल को उस व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके भाई राहुल की फार्म हाउस पर किसी ने हत्या कर दी है. वह फार्म हाउस पर पहुंचा तो वहां पर नौकर खेमचंद नहीं मिला. उसका फोन भी बंद आ रहा था. खेमचंद ने तेजधार हथियार से उसके भाई की हत्या की है. शिकायत पर थाना सदर सोहना में केस दर्ज किया गया.
मामले की जांच सोहना क्राइम यूनिट को सौंपी गई. सोहना क्राइम यूनिट ने दर्ज केस पर कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम दे फरार हुए खेमचंद को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की. पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी मृतक के यहां लगभग 20 सालों से काम कर रहा था और डेढ़ साल पहले किसी कहासुनी को लेकर छोड़ कर चला गया था. वह बीच बीच में काम करने के लिए आता रहता था.
लगभग 2 महीने पहले ही काम पर आया था. मृतक कभी-कभी उसके साथ मारपीट करता था. इसी रंजिश में उसने दरांत (तेजधार हथियार) से राहुल की गर्दन पर कई बार वार करके उसकी हत्या कर दी और दिल्ली भाग गया. पुलिस ने वारदात में प्रयोग किया गया दरांत (तेजधार हथियार) घटनास्थल से बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है.





