भारत

मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी; भागसू वाटरफॉल में सैलानियों का तांता

Shantanu Roy
18 May 2025 5:25 PM IST
मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी; भागसू वाटरफॉल में सैलानियों का तांता
x
McLeodganj. मकलोडगंज। धौलाधार के पहाड़ों की गोद में स्थित भागसू-वाटरफॉल इन दिनों पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है। यहां पहुंचे पर्यटक वाटरफॉल व नाले में ज्यादा समय बिता रहे हैं। पानी के बीच अठखेलियां करने व गर्मी से निजात पाने के लिए पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। मैदानी इलाकों में गर्मियां बढ़ते ही मकलोडगंज के भागसू स्थित वाटरफॉल और भागसूनाग के स्वीमिंग पूल में पर्यटकों की भीड़ बढऩे लगी है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में गर्मियां बढ़ते ही अब धर्मशाला-मकलोडगंज की ओर पड़ोसी राज्यों के सैलानी रुख करने लगे हैं। मंगलवार को भी मकलोडगंज में पर्यटकों को सडक़ों पर और भागसूनाग स्थित वाटरफॉल में घूमते देखा गया। मकलोडगंज, भागसूनाग, धर्मकोट आने वाले पर्यटकों में से शायद ही कोई ऐसा पर्यटक हो, जो वाटरफॉल की तरफ न जाए। पर्यटक जैसे ही भागसूनाग
पहुंचते हैं।


अपने वाहनों को यहां पार्किंग में खड़ा करते हैं, तो सामने भागसूनाग मंदिर के तरणताल (कुंड) में शीतल पानी का आनंद उठाते हैं। भागसूनाग मंदिर जाने के बाद कुछ आगे की तरफ बढऩे पर वहीं से वाटरफॉल दिखाई दे जाता है। वाटरफॉल जाते समय रास्ते मेें प्राकृतिक नजारों को नजदीक से देखा जा सकता है। भागसूनाग मंदिर से लेकर वाटरफॉल तक आने-जाने के लिए बेहतर रास्ता बना है, जिसका प्रयोग पर्यटक वहां तक पहुंचने में करते हैं, कुछ पर्यटक नाले में भी उतर जाते हैं और मकलोडगंज के मौसम व प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेते हैं। भागसूनाग, वाटरफॉल मकलोडगंज की खूबसूरत व सबसे ज्यादा पर्यटक पसंदीदा जगह में से एक है। भागसूनाग मंदिर से वाटरफॉल तक करीब एक डेढ़ किलोमीटर का ट्रैक तय कर आसानी से पहुंचा जा सकता है। भागसूनाग मंदिर से पैदल चलकर इस प्राकृतिक वाटरफाल तक पहुंचा जा सकता है।
Next Story