चक्रवाती तूफान मोंथा के चलते स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी, ट्रेनें रद्द और फ्लाइट्स भी कैंसिल

आँध्रप्रदेश। लैंडफॉल के दौरान खगोलीय ज्वार से करीब एक मीटर ऊपर तूफान आने से तटीय आंध्र प्रदेश और यनम क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भरने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने चक्रवात से प्रभावित ज़्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और 27 से 29 अक्टूबर के बीच कुछ अलग-अलग जगहों पर 20 cm से ज़्यादा बहुत भारी बारिश का भी अनुमान लगाया है.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि वे आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार के लोगों की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित हैं, क्योंकि चक्रवात 'मोंथा' इन इलाकों की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि बीजेपी की सभी राज्य इकाइयों को अलर्ट रहने और राहत और मदद के कामों में पूरी जिम्मेदारी से जुटने के निर्देश दिए गए हैं.
जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत सामग्री बांटने, मेडिकल सहायता देने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास में सहयोग करेंगे. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करें और पूरी सावधानी बरतें.
तमिलनाडु के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन ने मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश की घोषणा की है. चेंगलपट्टू और कडलूर जिलों में लगातार बारिश और निचले इलाकों में जलभराव को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है. वहीं चेन्नई प्रशासन ने भी मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की है, क्योंकि भारी बारिश से शहर में सामान्य जीवन बाधित हुआ है.
'मोंथा' के कारण आंध्र प्रदेश में मौसम बिगड़ने से इंडिगो एयरलाइंस ने विजाग, विजयवाड़ा और राजमुंदरी के यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइन ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से इन शहरों से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हो रही हैं. यात्रियों को सलाह दी गई है कि हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले goIndiGo.in पर अपनी उड़ान का स्टेटस जांच लें. दक्षिण मध्य रेलवे के सीपीआरओ ने जानकारी दी है कि चक्रवात 'मोंथा' को देखते हुए और यात्रियों की सुरक्षा के हित में कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है.





