भारत

चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 9 किलो चंदन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
12 Oct 2026 8:02 PM IST
चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 9 किलो चंदन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
x
चंदन चोरी के दो मामले दर्ज
वाशिम। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में चंदन चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। रिसोड क्षेत्र में हुई चंदन चोरी की वारदातों में स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 किलो वजन के चंदन के 16 छोटे-बड़े टुकड़े बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में दोनों चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
चंदन चोरी के दो मामले दर्ज
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता गजानन नागाप्पा मालेकर की शिकायत पर रिसोड पुलिस स्टेशन में चंदन चोरी से संबंधित मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 889/2026 और 934/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। चोरी की इन वारदातों के बाद अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निकेश खाटमोडे-पाटील ने स्थानीय अपराध शाखा को आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
तकनीकी जानकारी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान तीन संदिग्धों की जानकारी मिली। स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को रिसोड क्षेत्र से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चंदन चोरी की दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चंदन के 16 टुकड़े बरामद किए। बरामद चंदन का कुल वजन 9 किलो है और इसकी कीमत लगभग 27 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेश खाटमोडे-पाटील, अपर पुलिस अधीक्षक लता फड़ और उपविभागीय पुलिस अधिकारी रामकृष्ण पवार के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस निरीक्षक सुधाकर आढे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश धोत्रे, गजानन झगरे, आशीष बिडवे, ज्ञानदेव मात्रे, अमोल इरतकर, दीपक घुगे और चालक सुनील तायडे की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बरामद चंदन जब्त कर लिया है। तीनों आरोपी रिसोड के निवासी बताए गए हैं। मामले की आगे की जांच रिसोड पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।
Next Story