
x
छग
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौथना में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जादू-टोने के संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते मां-बेटे की टंगिया से हत्या कर दी गई, जबकि बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में एक ही परिवार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वारदात के बाद कपड़े और हथियार का लकड़ी का बेंट जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी।
घटना 9 अक्टूबर को सामने आई, जब सुखी सोनकर अपने घर पहुंचे। घर के अंदर पत्नी कमला सोनकर और बेटा खुमेन्द्र सोनकर मृत अवस्था में मिले, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल ममता को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर डोंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को हेमंत कुमार सोनकर पर संदेह हुआ, जो घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने 12 अक्टूबर को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद सोनू सोनकर और केशर सोनकर की भूमिका भी सामने आई।
बीमारी और जादू-टोने के शक में खूनी वारदात
पुलिस के अनुसार, परिवार में सदस्यों की तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना किए जाने का संदेह था। इसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि हेमंत कुमार सोनकर ने अपनी चाची कमला सोनकर और चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। उसने चचेरी बहन ममता सोनकर पर भी जानलेवा हमला किया। वारदात में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि ममता गंभीर रूप से घायल हो गई।
सबूत मिटाने के लिए जलाए कपड़े और हथियार का बेंट
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। आरोपियों की निशानदेही पर लोहे की टंगिया और मोटरसाइकिल बरामद की गई। घटना के दौरान पहने गए कपड़ों और टंगिया के लकड़ी के बेंट को जलाने से जुड़े अवशेष भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार सोनकर (36), सोनू सोनकर (34) और केशर सोनकर (55) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम चौथना के निवासी हैं। पुलिस ने 12 अक्टूबर को आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की आगे की जांच जारी है।
Next Story





