भारत

बिना बिल लाए लाखों के कपड़े की लगा दी सेल

Shantanu Roy
4 Nov 2025 4:28 PM IST
बिना बिल लाए लाखों के कपड़े की लगा दी सेल
x
Hamirpur. हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर की एक दुकान में बिना बिल के लाए गए लाखों रुपए के रेडिमेड कपड़े की सेल लगा दी गई। जैसे ही व्यापार मंडल हमीरपुर को पता चला तो व्यापारी वर्ग मौके पर पहुंचा। जब तक व्यापार मंडल कार्रवाई शुरू करता तब तक सेल में 45 हजार से अधिक का कपड़ा बिक चुका था। व्यापार मंडल के सदस्यों ने जब सेल लगाने वालों से कपड़े का बिल मांगा को ये टाल मटोल करने लगे। वहीं जिस दुकान में सामान को स्टोर किया गया था उसका रेंट एग्रीमेंट भी नहीं बना हुआ था। व्यापार मंडल ने इसकी सूचना जीएसटी विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी कुलदीप ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कपड़े की सेल लगाने वाले लोगों से कपड़े का बिल मांगा। इस दौरान कोई भी बिल या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। ऐसे में इन्हें कार्यालय बुलाया गया तथा वहां स्टॉक के आधार पर 25 हजार रुपए जुर्माना डाला गया। जुर्माना राशि का मौके पर भी भुगतान कर दिया
गया है।


जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कुछ लोग कपड़े का स्टॉक लेकर हमीरपुर पहुंचे। यह बाहर से ही कपड़ा गाड़ी के माध्यम से लेकर आए थे। गांधी चौक की एक दुकान को इन्होंने कपड़े की सेल के लिए ले रखा था। हालांकि संबंधित दुकानदार के साथ रेंट एग्रीमेंट नहीं बनाया गया तथा कपड़े को स्टोर कर लिया गया। सोमवार सुबह दुकान के बाहर स्टॉल सजाकर कपड़ा बेचना शुरू कर दिया। जब जानकारी व्यापार मंडल हमीरपुर में लगी तो व्यापार मंडल प्रधान सुमित ठाकुर के साथ अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। इन्होंने कपड़े की सेल लगाने वालों से सामान का बिल दिखाने के लिए कहा, लेकिन नहीं दिखा पाए तथा जीएसटी नंबर भी इनके पास नहीं था। टैक्स अदायगी का कोई प्रमाण न मिलने पर जीएसटी विभाग को सूचना दी गई। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने भी काफी समय तक सेल लगाने वालों से वार्तालाप की लेकिन जब कोई प्रमाण पत्र ये प्रस्तुत नहीं कर पाए तो सेल को लगाए कपड़े को उठवाकर स्टोर में रखवाया गया। बिना बिल के कपड़ा लाने पर 25 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। वहीं बाहरी राज्य के इन लोगों के पास पुलिस पंजीकरण भी नहीं था।
Next Story