भारत

घुमारवीं में बीस साल बाद लहराया भगवा

Shantanu Roy
1 July 2026 5:39 PM IST
घुमारवीं में बीस साल बाद लहराया भगवा
x
Ghumarwin. घुमारवीं। नगर परिषद घुमारवीं में बीस साल बाद भाजपा ने सत्ता पर कब्जा जमाते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों शीर्ष पद अपने नाम कर लिए। मंगलवार को भाजपा समर्थित अमित कुमार निर्विरोध अध्यक्ष और सविता देवी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं। कांग्रेस समर्थित दोनों उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद भाजपा की जीत तय हो गई। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग की अगवाई में नगर परिषद कार्यालय से गांधी चौक तक विजय रैली निकाली और जमकर जश्न मनाया। नगर परिषद कार्यालय में एसडीएम गौरव चौधरी की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित बजोहा वार्ड के पार्षद अमित कुमार और कांग्रेस समर्थित पार्षद रीता सहगल ने नामांकन दाखिल किया था। बाद में रीता सहगल ने नाम
वापस ले लिया।

जिससे अमित कुमार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित पार्षद सविता देवी तथा कांग्रेस समर्थित पार्षद निशा कुमारी ने नामांकन किया था। निशा कुमारी के नाम वापस लेने के बाद सविता देवी निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुईं। बैठक में नगर परिषद के सभी नौ पार्षद मौजूद रहे। विजय रैली के बाद गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र गर्ग ने कहा कि नगर परिषद घुमारवीं में 20 साल बाद भाजपा को जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है। यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि घुमारवीं की जनता और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और सुशासन पर भरोसा जताया है । उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से बिना किसी भेदभाव के शहर के प्रत्येक वार्ड में समान विकास कार्य करवाने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित कुमार और उपाध्यक्ष सविता देवी ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, पेयजल स्ट्रीट लाइट व सडक़ों को प्राथमिकता दी जाएगी।
Next Story