भारत

शिमला में सुख आश्रय योजना की समीक्षा

Shantanu Roy
6 Dec 2023 12:01 PM GMT
शिमला में सुख आश्रय योजना की समीक्षा
x

शिमला। विधानसभा कल्याण समिति ने सुख आश्रय योजना की समीक्षा की है। समिति ने समीक्षा के बाद आवश्यक कार्यवाही के लिए दस्तावेजों को विभागों के सुपुर्द किया है। विधानसभा में कल्याण समिति की बैठकें सभापति नंद लाल की अध्यक्षता में हुईं। बैठकों में समिति ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना की समीक्षा पर आधारित प्रश्नावलियों का अवलोकन किया। अवलोकन के बाद इन्हें आगामी कार्यवाही के लिए विभाग को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त समिति ने मादक द्रव्य और नशा निवारण योजना पर आधारित समिति का 18वां मूल प्रतिवेदन 13वीं विधानसभा वर्ष 2019-20 पर बना 45वां कार्रवाई प्रतिवेदन वर्ष 2022-23 में कृत अंतर्विष्ट सिफारिशों पर विभाग से मिले उत्तरों का अवलोकन किया। अवलोकन के बाद कुछ बिंदुओं पर संतुष्टि व्यक्त की। दोबारा सिफारिशें और टिप्पणियां कर आगामी कार्रवाई के लिए इन्हें विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया।

समिति ने चार प्रतिवेदनों को अंतिम रूप देते हुए इन्हें सदन के पटल पर उपस्थापित करने के लिए सभापति को प्राधिकृत किया। समिति ने मादक पदार्थ और नशा निवारण पर भी चर्चा की। इन बैठकों में विनोद कुमार, यादविंद्र गोमा, इंद्र सिंह, रीना कश्यप, मलेंद्र राजन, लोकेंद्र कुमार, दीप राज, सुरेश कुमार, सुदर्शन सिंह बबलू और विनोद सुल्तानपुरी ने भाग लिया।

Next Story