भारत

पेयजल समस्या को लेकर कोटला क्षेत्र की 12 पंचायतों के लोगों ने किया प्रदर्शन

Shantanu Roy
10 July 2026 3:42 PM IST
पेयजल समस्या को लेकर कोटला क्षेत्र की 12 पंचायतों के लोगों ने किया प्रदर्शन
x
Jawali. जवाली। विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन कोटला क्षेत्र की 12 पंचायतों की जनता ने पेयजल समस्या से तंग आकर गुरुवार को भाजपा नेता संजय गुलेरिया के नेतृत्व में जल शक्ति विभाग कोटला कार्यालय में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने जल शक्ति विभाग होश में आओ, मंत्री जी इस्तीफा दो के नारे जोरोंशोरों से लगाए। लोगों ने कहा कि हमारी पंचायतों में पेयजल व्यवस्था चरमरा कर रह गई है। कभी हफ्ते में एक बार पानी की सप्लाई आती है तो कभी महीने के बाद नलकों से पानी टपकता है। हमें चिलचिलाती गर्मी में दूरदराज से पानी के घड़े उठाकर लाने पड़ते हैं या मजबूरन टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से निर्मित बोह दरिनी ग्रेविटी प्रोजेक्ट बंद पड़ा है जिसको ठीक नहीं किया जा रहा है। टंकियों में पानी की बूंद तक नहीं हो पा रही है। जनता ने चेताया है कि अगर जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वहीं, इस बारे में जल शक्ति विभाग जवाली के अधिशाषी अभियंता लवकेश शर्मा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का हल किया जाएगा।
Next Story