भारत

ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी, इस दिन से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

Shantanu Roy
13 April 2025 3:54 PM IST
ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी, इस दिन से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को भी बर्फबारी हुई है, जबकि मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तूफान चलने के साथ बारिश हुई है। कुछ इलाकों में एक बार फिर ओलावृष्टि होने की सूचना है। रविवार से प्रदेश का मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन एक बार फिर 16 अप्रैल से मौसम खराब होने की जानकारी है। बताया जाता है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। 16 अप्रैल से दोबारा बारिश-बर्फबारी का क्रम शुरू होगा। शुक्रवार देर रात को भी बारिश का क्रम जारी रहा, वहीं शनिवार को भी पूर्वानुमान के अनुसार ही बारिश व बर्फबारी
हुई है।
लाहुल-स्पीति में एक बार फिर से कुछ इलाकों में बर्फबारी हुई है। बारिश से प्रदेश में गर्मी की वजह से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं किसानों व बागबानों के लिए बारिश से राहत मिली। निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने से प्रदेश का तापमान कम हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सप्ताह के अगले तीन दिनों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ी वृद्धि होने की संभावना नहीं है। 16 और 17 अप्रैल को राज्य के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। 18 अप्रैल को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
Next Story