भारत

बारिश हुई दिल्ली में, शीतलहर के बीच मौसम में बदलाव

Nilmani Pal
23 Jan 2026 6:52 AM IST
बारिश हुई दिल्ली में, शीतलहर के बीच मौसम में बदलाव
x

दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई है. ठंड के बीच बूंदा-बांदी से मौसम बदल सकता है और ठंड में बढ़ोतरी होने की आशंका है. भारतीय मौसम विभाग ने 23 जनवरी को दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों के लिए 'नाउकास्ट' (Nowcast) चेतावनी भी जारी की है. IMD ने कहा है कि अगले दो से तीन घंटे इन राज्यों में गरज-चमक के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश (5-15 मिमी/घंटा) होने की संभावना है.

दिल्ली के सभी जिलों सहित हरियाणा के अंबाला और करनाल, पंजाब के लुधियाना और चंडीगढ़, तथा राजस्थान के अजमेर और सीकर जैसे जिलों में मौसम का कड़ा रुख देखने को मिलेगा. विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लेने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है. खराब मौसम और कम दृश्यता की वजह से सड़कों पर यातायात की स्थिति की जांच करने के बाद ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी गई है. मौसम विभाग की सूची के मुताबिक, दिल्ली के सभी 11 जिलों (मध्य, पूर्व, नई दिल्ली, उत्तर आदि) में हाई अलर्ट है. राजस्थान के अजमेर, झुंझुनू और सीकर में तूफान का असर दिखेगा. हरियाणा के अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकुला और यमुनानगर में मौसम बिगड़ेगा. वहीं, पंजाब के चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर (SAS नगर) समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है.

मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है. लोगों से अपील की गई है कि वे तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों से दूर रहें और बिजली के उपकरणों का उपयोग करने से बचें. खुले मैदानों या धातु की वस्तुओं के संपर्क में न आएं. वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे जलभराव और खराब विजिबिलिटी के कारण धीमी गति से वाहन चलाएं. सरकारी एजेंसियों द्वारा समय-समय पर जारी की जा रही आधिकारिक एडवायजरी का पालन करना अनिवार्य है.


Next Story
null