
इंदौर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर इंदौर आएंगे। वे यहां दूषित जलकांड से प्रभावित इलाकों में जाएंगे। पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी 5 माह के अव्यान के घर जाएंगे। क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण काफिला घर तक नहीं जा सकेगा, इसलिए गली के कोने से पैदल चलकर पीड़ित परिवार तक पहुंचेंगे। वे अशोक पंवार और गीता बाई धुपेकर के घर भी जाएंगे। इसके बाद वे प्रभावित परिवारों से भी संस्कार गार्डन में मुलाकात करेंगे।
हालांकि, शुक्रवार रात को एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों की एक अहम बैठक हुई है। जिसमें सुरक्षा कारणों के चलते राहुल गांधी के भागीरथपुरा में जाने के लिए मनाही की गई है। तय किया गया है कि राहुल भागीरथपुरा पानी की टंकी के पास ही मृतकों के परिजन और पीड़ितों से मिलेंगे। मुलाकात का समय दोपहर 12.45 से दोपहर 1.45 तक रहेगा। इसके बाद यही राहुल मीडिया से बात करेंगे।
इससे पहले 11 बजे एयरपोर्ट पर ही प्रदेश कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन भी होगा। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई बड़े नेता भी साथ में होंगे। शुक्रवार को प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले बता चुके हैं कि प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण बैठक को रद्द करना पड़ा है।





