भारत

मिंजर मेले के मंच तक पहुंचने की होड़, पहले दिन 148 दावेदार

Shantanu Roy
15 July 2026 5:22 PM IST
मिंजर मेले के मंच तक पहुंचने की होड़, पहले दिन 148 दावेदार
x
Chamba. चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए स्थानीय गायकों और नृत्य दलों के चयन हेतु गठित स्क्रीनिंग कमेटी ने मंगलवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा में ऑडिशन आयोजित किए। पहले दिन नगर परिषद चंबा क्षेत्र के 148 कलाकारों और नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर मंच पर जगह बनाने का दावा पेश किया। ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने लोकगीत, पहाड़ी गीत, बॉलीवुड गीत और समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर स्क्रीनिंग कमेटी और उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के पहुंचने के कारण देर शाम तक ऑडिशन का दौर जारी रहा। प्रशासन ने इस बार स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से दो स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है।

ये समितियां 20 जुलाई तक विभिन्न कलाकारों के ऑडिशन लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी। स्क्रीनिंग में चयनित कलाकारों और नृत्य दलों को ही मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि पहले दिन ऑडिशन में 148 कलाकारों और नृत्य दलों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि बुधवार को चंबा उपमंडल के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला शोभायात्रा उपसमिति की बैठक बुधवार पंद्रह जुलाई को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक में मेले के शुभारंभ व समापन मौके पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा को आकर्षक बनाने को लेकर समिति सदस्यों के विचार लिए जाएंगें। बैठक में समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य हिस्सा लेंगे। यह जानकारी नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने दी।
Next Story