भारत

राम मंदिर प्रकरण पर गरमाई सियासत के बीच PWD मंत्री का बड़ा पलटवार

Shantanu Roy
8 July 2026 2:55 PM IST
राम मंदिर प्रकरण पर गरमाई सियासत के बीच PWD मंत्री का बड़ा पलटवार
x
शिमला। राम मंदिर चंदा प्रकरण पर चल रहे सियासी तीरों के बीच मंगलवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर बड़ा पलटवार किया है। मंत्री ने कहा कि राजीव बिंदल हरियाणा से आए हैं और हिमाचली बोनोफाइड भी नहीं है। उनके सर्टिफिकेट की हमें कोई जरूरत नहीं है कि कौन प्रभु श्री राम को आराध्य मानता है या नहीं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमारी 122 पुश्तें सनातन धर्म को मानती आई हैं। प्रदेश में अगर राजनीति से ऊपर उठकर धर्मांतरण का कानून लाने में किसी में दम नहीं था, लेकिन कांग्रेस की सरकार राज्य में इस कानून को लेकर आई और उस समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह थे। इसलिए हमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं।
वे अपना सर्टिफिकेट अपने पास जेब में रखें। प्रदेश और देश के प्रति हमारी जवाबदेही है और इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाया जाएगा। दरअसल विक्रमादित्य सिंह मंगलवार को मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय राम मंदिर और जाखू टेंपल पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने राम मंदिर प्रकरण पर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अयोध्या श्रीराम मंदिर के किस्से निकल कर आ रहे हैं और सीसीटीवी कैमरों में भी ये चीजें कैद हुई है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के इकलौते मंत्री थे, जिन्हें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर निमंत्रण दिया गया था, मगर आज जिस तरीके से मंदिर के नाम पर लूटपाट हो रही है, इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की अध्यक्षता में होनी चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा श्री राम के नाम पर भाजपा ने तीस वर्षो से देश में राजनीति की है और आज उन्हीं के नाम पर लूट हो रही है। उन्होंने हमलावर होते हुए कहा कि अगर कहीं गलती से यह काम कांग्रेस सरकार में हुआ होता, तो भाजपा नेता देश में आग लगा चुके होते। बकौल विक्रमादित्य सिंह अब हम इस मुद्दे को उठा रहे हंै, तो भाजपा नेताओं को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को प्रदेश के लोगों के बीच लेकर जाएगी।
Next Story