भारत

शिवबाड़ी मेले में पंजाबी गायक निंजा ने मचाया धमाल

Shantanu Roy
26 April 2026 5:58 PM IST
शिवबाड़ी मेले में पंजाबी गायक निंजा ने मचाया धमाल
x
Gagret. गगरेट। सुप्रसिद्ध द्रोण महादेव मंदिर शिवबाड़ी अंबोटा के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिवबाड़ी मेले की स्टार नाइट को पंजाबी गायक निंजा लूट कर ले गए। स्टेज पर निंजा की एंट्री से लेकर स्टार नाइट के अंत तक निंजा ने युवाओं को इस कद्र मदहोश किया कि पुलिस प्रशासन के भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पसीने छूट गए। निंजा ने जैसे ही अपने सुपर हिट गीत दिल मेरा वी करदा छड दां पर तेरी आदत पै गई है …प्रस्तुत किया तो ऐसे लगा कि जैसे श्रोताओं को ही निंजा की ऐसी आदत पड़ गई है कि वे अब उन्हें स्टेज से नीचे उतरने नहीं देना चाहते। यही नहीं बल्कि हिमाचली कलाकार काकू राम ठाकुर व फौलादी बैंड की प्रस्तुतियों ने भी ऐसा समां बांधा कि कोई दर्शक भी पंडाल छोडक़र जाने की हिम्मत नहीं दिखा पाया। जिला स्तरीय शिवबाड़ी मेले की स्टार नाइट पर कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शिवबाड़ी मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए विधायक राकेश कालिया के प्रयासों को खूब सराहा। उन्होंने कहा कि विधायक राकेश कालिया जुझारू नेता हैं। अगर इन्हें फिर मौका मिला तो ये निश्चित रूप से इस मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा दिलाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि स्टार नाइट पर उमड़ा जन सैलाब बता रहा है कि शिवबाड़़ी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरू की गई यह पहल लोगों को खूब पसंद आई है। जिला स्तरीय शिवबाड़ी मेले में स्कूली बच्चों व स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। कई स्थानीय कलाकारों के लिए तो यह मंच लांचिंग पैड साबित हो
सकता है।
हिमाचली कलाकार काकू राम ठाकुर ने अपनी कला का ऐसा जलबा बिखेरा कि पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। काकू राम ठाकुर ने पहाड़ी गानों के साथ-साथ हिंदी व पंजाबी गानों की भी ऐसी लड़ी प्रस्तुत की कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो उठा। इसके साथ ही फौलादी बैंड ने तो स्टार नाइट में चार चांद लगा दिए। फौलादी बैंड की धांसू प्रस्तुतियों ने श्रोताओं में खूब जोश भरा और श्रोता झूमने पर विवश हो उठे। जैसे ही स्टेज पर पंजाबी सिंगर निंजा की एंट्री हुई युवा क्रेजी हो उठे। निंजा ने अपने सुपर हिट गानों से श्रोताओं में ऐसा जोश भरा कि श्रोता अपनी कुर्सियां छोडक़र झूमने पर विवश हो गए। निंजा ने अपने सुपर हिट ट्रैक जेड़े तेरे पिच्छे मारदे सी गेडय़िां, मैं कल्ला कल्ला ठोकदा रेहा, रोईं न जे याद मेरी आई वे … से खूब समां बांधा। निंजा ने अपने सुपर हिट गीत दिल मेरा वी करदा छड दां पर तेरी आदत पै गई है की प्रस्तुति के साथ श्रोता भी इस गीत के बोल गुनगुनाने पर मजबूर हो गए। विधायक राकेश कालिया ने शिवबाड़ी मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा रही तो एक दिन इस मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा भी मिल कर रहेगा। उन्होंने मेले के बेहतर आयोजन के लिए मेला प्रशासन की भी पीठ थपथपाई। मेले के दूसरे दिन रविवार को शिव विवाह की प्रस्तुति के साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं कलाकारों ने मेले में अपनी कला से खूब धूम मचाई और वाहवाही लूटी।
Next Story