भारत

नेता पर सरेआम गोलीबारी, पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप

Nilmani Pal
28 May 2026 4:55 PM IST
नेता पर सरेआम गोलीबारी, पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप
x
पढ़े पूरी खबर

पंजाब। अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ को सरेआम गोली मारने की घटना सामने आई है. इस गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घायल हालत में जयपाल सिंह बाऊ को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक घटना अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके की है. बताया जा रहा है कि गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि गोलियां चलने लगीं.

इस घटना में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह बाऊ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और अमृतसर के वार्ड नंबर 42 के प्रभारी भी हैं. वह निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 42 से चुनाव भी लड़ चुके हैं. घटना के बाद आम आदमी पार्टी के दक्षिणी हलके से विधायक डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल जयपाल सिंह का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

डॉ. निज्जर ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी. उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी. वहीं वार्ड नंबर 47 से काउंसलर वरपाल सिंह बब्बर ने बताया कि जयपाल सिंह उनके करीबी साथी हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. बाद में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई.

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान जयपाल सिंह को एक गोली लगी. इसके अलावा कई और राउंड फायरिंग भी हुई. उन्होंने यह भी दावा किया कि जयपाल सिंह के बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की गई. मामले को लेकर थाना बी डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि करण नाम के युवक और तजिंदर सिंह के बीच पार्किंग को लेकर बहस हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई और दोनों तरफ से गोलियां चलीं.

Next Story