
x
जनता झेल रही महंगाई की मार
दिल्ली। विजयादशमी के अवसर पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दशहरा राजनीति करने का अवसर नहीं है, लेकिन आज देश की जनता कई ऐसी समस्याओं का सामना कर रही है, जिन्हें रावण के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई को आम जनता के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियां बताया।
प्रियंका गांधी ने कहा, "यह हमारे लिए राजनीति करने का अवसर नहीं है, इसलिए मैं सरकार को कोई विशेष संदेश नहीं दूंगी। मैं सिर्फ इतना कहना चाहूंगी कि आज पूरी जनता रावण के रूप में कई समस्याओं का सामना कर रही है। वह क्या हैं? बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और ऐसी तमाम परेशानियां।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि सत्य और असत्य के बीच संघर्ष आज भी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई सच्चाई के लिए है और वह आगे भी इस संघर्ष को जारी रखेंगी। प्रियंका गांधी ने कहा, "सत्य और असत्य के बीच की लड़ाई आज भी जारी है। हम सत्य के लिए लड़ रहे हैं और हमेशा लड़ते रहेंगे।
उनके इस बयान में दशहरे के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ वर्तमान सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने रावण के प्रतीक के जरिए बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर में रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में कहा कि आज भी समाज में सत्य और असत्य के बीच संघर्ष जारी है। उन्होंने दोहराया कि वह सच्चाई के पक्ष में अपनी आवाज उठाती रहेंगी।
Next Story





