भारत

पीएम मोदी ने किया रावण दहन, विजयादशमी पर दिया सत्य और संकल्प की जीत का संदेश

SHIDDHANT
20 Oct 2026 7:29 PM IST
पीएम मोदी ने किया रावण दहन, विजयादशमी पर दिया सत्य और संकल्प की जीत का संदेश
x
दशहरा उत्सव
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए उत्सव ग्राउंड में आयोजित दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने रावण दहन किया और देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, व्यक्ति को अपने संकल्प और सामर्थ्य पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने सामूहिक शक्ति और जनभागीदारी के माध्यम से असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य को संभव बनाया था।
पीएम मोदी ने कहा कि संकट कितना भी बड़ा हो और चुनौती कितनी भी कठिन क्यों न हो, हमें दूसरों के भरोसे नहीं बैठना चाहिए। अपने संसाधनों पर विश्वास करते हुए परिश्रम और दृढ़ संकल्प से समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर विशेष प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए।
विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाता है। यह परंपरा अहंकार, अन्याय और बुराई के अंत का प्रतीक मानी जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में आत्मविश्वास, एकता और सामूहिक प्रयासों को महत्व देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
Next Story