भारत

कलस्टर प्रणाली के विरोध में उतरा प्राथमिक शिक्षक संघ

Shantanu Roy
28 Feb 2026 5:45 PM IST
कलस्टर प्रणाली के विरोध में उतरा प्राथमिक शिक्षक संघ
x
Chamba. चंबा। हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की चंबा जिला इकाई के अध्यक्ष पुनीत निराला ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में लागू की गई कलस्टर प्रणाली के विरोध में अब प्राथमिक शिक्षकों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए पहली मार्च को मुख्यालय में विशाल आग्रह रैली निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि रैली भरमौर चौक से आरंभ होकर पूरे बाजार की परिक्रमा के उपरांत डीसी आफिस के बाहर जाकर समाप्त होगी। पुनीत निराला ने जिले के समस्त शिक्षकों से इस रैली में भारी संख्या में जुडऩे की अपील की है, ताकि सरकार तक शिक्षकों की एकजुटता का संदेश पहुंच सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान नहीं निकला तो संघ आने वाले समय में और भी कड़े कदम उठाने को
मजबूर होगा।


वह शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पुनीत निराला ने कहा कि 23 सितंबर 2025 को जारी क्लस्टर प्रणाली की अधिसूचना का शिक्षक संगठन पहले दिन से ही विरोध कर रहा है, क्योंकि सरकार शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर रही है। पिछले तीन महीनों में वह छह बार मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है। पुनीत निराला ने कहा कि क्लस्टर प्रणाली से प्राथमिक शिक्षा का ढांचा पूरी तरह चरमरा जाएगा। शिक्षकों को डर है कि इस प्रणाली के बाद जेबीटी शिक्षकों की भविष्य में होने वाली पदोन्नतियां बाधित हो जाएंगी। अब शिक्षकों को छुट्टियों और अन्य कार्यों के लिए स्कूल के मुख्य शिक्षक के साथ-साथ क्लस्टर हेड और बीईईओ दोनों को रिपोर्ट करना पड़ रहा है, जिससे अनावश्यक दुविधा बढ़ रही है। इस मौके पर संघ के पदाधिकारी रविकांत शर्मा आदि भी मौजूद रहे।
Next Story