
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव ने बताया कि गुरुवार को मां अमृतानंदमयी अपने 1100 से अधिक भक्तों के साथ पधार चुकी हैं। मन्दिर आंदोलन और निधि संकलन में दायित्व निभाने वाले आमंत्रित कार्यकर्ताओं का भी आगमन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आमंत्रित जन इच्छानुसार चाहें तो उसी दिन अन्यथा ठहर कर अगले दिन भी जा सकते हैं। सभी आमंत्रित अतिथियों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह हर हाल में पूर्वाह्न दस बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर अपना स्थान ग्रहण कर लें। राष्ट्रपति मुर्मु का राम मंदिर में आगमन पूर्वाह्न 11 बजे नियत है। वह सेना के विमान से महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरेंगी और फिर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग होते हुए राम मंदिर आएंगी। पुनः आद्य गुरु शंकराचार्य प्रवेश द्वार से परिसर में प्रवेश कर सीधे सप्त मंडपम के मंदिरों में रामायण कालीन ऋषियों व पात्रों के दर्शन के साथ भक्ति मूर्ति माता शबरी का पूजन करेंगी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय का कहना है कि यदि उनका आगमन एयरपोर्ट पर 11 बजे हुआ तो वह 11.10 बजे तक राम मंदिर पहुंचेगी और यदि पहले हुआ तो 11 बजे आ जाएंगी। उन्होंने बताया कि सबसे पहले सप्त मंडपम देखने का आग्रह किया गया है। राष्ट्रपति रामलला का दर्शन कर प्रथम तल पर राम परिवार की आरती भी उतारेंगी। इसके अलावा राम मंदिर की वर्टिकल दीवारों पर लगे भित्ति चित्रों व ब्रांच मेंटल पर उत्कीर्ण चित्रों का भी अवलोकन करेंगी। इसके साथ ही श्रीराम यंत्र की स्थापना का पूजन भी करेंगी और सभा को भी सम्बोधित करेंगी। इस मौके पर केरल की आध्यात्मिक गुरु मां अमृतानंद मयी का भी आर्शीवाद सबको प्राप्त होगा।





