भारत

गांधी चौक में राजनीतिक रैलियों पर प्रतिबंध की तैयारी

Shantanu Roy
2 July 2026 5:04 PM IST
गांधी चौक में राजनीतिक रैलियों पर प्रतिबंध की तैयारी
x
Hamirpur. हमीरपुर। वर्षों से धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक रैलियों सहित कई बड़े आयोजनों के गवाह रहे हमीरपुर के गांधी चौक में आने वाले समय में इन बड़े कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लग सकता है। दरअसल ऐसे आयोजनों के दौरान शहर के व्यापारियों को होने वाली परेशानी और व्यापार मंडल द्वारा प्रशासन के समक्ष उठाए गए मुद्दे के बाद जिला प्रशासन द्वारा यह आदेश जारी किए गए हैं। इन बड़े आयोजनों के लिए शहर के एंट्री प्वाइंट पर स्थित ट्राला यूनियन के पास जगह देखी गई है। हालांकि वन भूमि होने के कारण इसमें अभी औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं इसलिए जब तक वहां पूर्ण व्यवस्था नहीं होती तब तक फिलहाल कुछ शर्तों के साथ फिलहाल आयोजन गांधी चौक में ही होंगे। वहीं छोटे आयोजनों के लिए प्रशासन की ओर से मौजूदा बस टर्मिनल के सामने बने झांसी की रानी पार्क में व्यवस्था की गई है।
बता दें कि व्यापार मंडल की ओर से प्रशासन के समक्ष समस्या को उठाया गया था कि जब भी गांधी चौक पर किसी भी तरह के बड़े आयोजन होते हैं तो उस रोज आसपास की दुकानों का काम पूरी तरह चौपट रहता है। इलेक्शन के दिनों में तो सप्ताह में तीन से चार दिन ऐसे आयोजन होते रहते हैं। इसी तरह कभी यहां धार्मिक आयोजन होते हैं तो कभी बड़े खेल आयोजन जिनसे पांच-पांच दिन व्यवसाय नहीं हो पाता। एसडीएम हमीरपुर ने इसकी रिपोर्ट बनाकर उपायुक्त हमीरपुर को सौंपी थी। उपायुक्त की ओर से एसपी हमीरपुर को आदेशों की पालना करवाने के लिए लिखा गया है जिसमें कहा गया है कि गांधी चौक पर इस तरह के बड़े आयोजनों की अनुमति प्रदान न की जाए। हालांकि जब तक नई जगह फाइनल नहीं हो जाती है तब तक कुछ शर्तों के साथ यहां आयोजन करवाए जा सकते हैं। जैसे बड़े आयोजनों के दौरान गांधी चौक में आपताकालीन वाहनों के लिए मार्ग खुला रखना होगा। पुलिस को यह तय करना होगा कि गांधी चौक पर होने वाले किसी भी आयोजन के दौरान किसी भी तरह से व्यवस्था प्रभावित न हो। ट्राला यूनियन के पास जैसे ही ग्राउंड बनकर तैयार हो जाता है तो गांधी चौक पर इन आयोजनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाए।
Next Story