गर्भवती प्रेमिका को रास्ते से हटाने कार से फेंका, प्रेमी अपने दोस्त के साथ गिरफ्तार

यूपी। कुशीनगर में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया इंटर कॉलेज के समीप गुरुवार को एक शख्स ने कार चालक दोस्त के साथ मिलकर गर्भवती प्रेमिका को चलती गाड़ी से धक्का देकर हाईवे पर फेंक दिया। सिर में चोट लगने से युवती घायल हो गई। उसका दावा है कि उसने युवक से प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने युवती का फाजिलनगर सीएचसी में इलाज कराया। इसके बाद मधुरिया चौकी पर उसका बयान लिया। आरोपी प्रेमी और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है।
कोलकाता के बारासोता इलाके की 19 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि दो साल पूर्व ऑर्केस्ट्रा में काम करने के दौरान तुर्कपट्टी के छहूं निवासी अमजद अली से उसने प्रेम विवाह किया था। कोलकाता में अपने घर पर वह युवक के साथ रहती थी। वह उसके बच्चे की मां बनने वाली है। कोलकाता से ट्रेन से दोनों देवरिया पहुंचे।
गुरुवार को देवरिया पहुंचने पर अमजद अली ने दोस्त की कार बुला ली और उससे गांव जा रहा था। आरोप है कि हाईवे पर मधुरिया इंटर कॉलेज के पास वह बच्चा गिराने की जिद करने लगा। मना करने पर मारने-पीटने लगा और कार चला रहे दोस्त सद्दाम संग मिलकर चलती कार से धक्का दे दिया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर से ट्रेस कर प्रेमी को पकड़ लिया। कार चालक उसके दोस्त को भी हिरासत में ले लिया। सीओ सदर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार से गिरने से युवती घायल हो गई। इसका इलाज करवाया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया और मामले में जांच जारी है।





