भारत

पुलिस का 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' : 5,063 अपराधी गिरफ्तार, हार्डकोर गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा

jantaserishta.com
25 Nov 2025 9:35 AM IST
पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन : 5,063 अपराधी गिरफ्तार, हार्डकोर गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा
x
सबसे बड़ी कामयाबी दर्ज.
चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा पुलिस द्वारा राज्य में अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए शुरू किया गया 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी दर्ज कर रहा है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक कुल 5,063 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 1,514 खूंखार एवं वांटेड हिस्ट्री-शीटर शामिल हैं। बाकी 3,549 आरोपी विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार या सक्रिय थे।
सिर्फ 24 नवंबर को ही एक दिन में 232 अपराधियों को धर दबोचा गया, जिनमें 35 हार्डकोर अपराधी थे। पुलिस की यह ताबड़तोड़ कार्रवाई राज्य के कोने-कोने तक पहुंच रही है और गैंगस्टरों व हथियार तस्करों में खौफ का माहौल है।
नूंह क्राइम ब्रांच (टौरू) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 36 गंभीर मामलों में वांटेड कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी एटीएम चोरी, ट्रक-डंपर चोरी, डकैती, फिरौती और अवैध हथियार रखने जैसे अपराधों में शामिल था। उसे टौरू-सलाका रोड पर शिकारपुर हिल्स के पास देसी पिस्टल और जिंदा कारतूसों सहित दबोचा गया। उसके खिलाफ हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी केस दर्ज हैं।
जींद पुलिस ने कुख्यात अपराधी कुलदीप उर्फ सरपंच को पांच देसी पिस्तौल और दस जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ जींद, हांसी, हिसार और कैथल में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, एनडीपीएस और अवैध हथियारों के लगभग 20 मामले दर्ज हैं। जुलाना थाना में नया मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।
डबवाली पुलिस और सीआईए कालांवाली की संयुक्त टीम ने एसटीएफ द्वारा 20-20 हजार रुपए के इनामी दो बदमाश, अनिल उर्फ गोरू और गोकुल उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। दोनों दीपक नांदल गैंग के सक्रिय सदस्य थे और गुरुग्राम-करनाल में फायरिंग की बड़ी घटनाओं में वांटेड थे। उनके कब्जे से दो 32 बोर पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गुरुग्राम क्राइम ब्रांच सेक्टर-10 ने 11 मार्च 2025 को सेक्टर-14 में हुई मोबाइल स्नैचिंग के आरोपी हर्ष को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ कई वारदातें करना कबूल किया। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी और स्नैचिंग के 6 और मामले पहले से दर्ज हैं। कोर्ट ने उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया।
हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। डीजीपी शत्रुजीत कपूर के निर्देश पर सभी जिले मिशन मोड में काम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में और बड़े गैंगस्टरों व हथियार सप्लायर्स पर कार्रवाई होगी। पुलिस का दावा है कि इस ऑपरेशन से अपराध का ग्राफ तेजी से नीचे आया है और आम जनता में सुरक्षा का भाव बढ़ा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story