
पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे और पुलिस विभाग में जाने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण खबर है. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने आगामी 20 और 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली पुलिस रेडियो ऑपरेटर की लिखित परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है. आधिकारिक सूचना के अनुसार, अब यह परीक्षा अपने पुराने शेड्यूल के बजाय 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी.
परीक्षा की तारीखों में यह बड़ा बदलाव राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा यानी नीट (NEET) के चलते किया गया है. दरअसल, केंद्रीय चयन परिषद द्वारा पहले तय किए गए शेड्यूल के मुताबिक यह लिखित परीक्षा 20 और 21 जून को होनी थी. लेकिन इसी बीच 21 जून 2026 को देश की सबसे बड़ी और संवेदनशील परीक्षाओं में से एक नीट (NEET) की परीक्षा भी आयोजित होनी है.
चूंकि दोनों ही बड़ी परीक्षाओं के केंद्र और अभ्यर्थियों की संख्या बहुत ज्यादा होती है, ऐसे में जिला प्रशासनों के लिए सुरक्षा, कानून व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों का प्रबंधन करना एक बड़ी चुनौती बन जाता. इसी प्रशासनिक समस्या और परीक्षा प्रणाली की शुचिता को बनाए रखने के लिए पर्षद ने सूझबूझ दिखाते हुए परीक्षा को एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया है.





