भारत

तांत्रिक की मदद से चोर पकड़ लिए पुलिसकर्मियों ने! हंगामे के बाद एसपी ने किया सस्पेंड

Nil dhankar
16 Feb 2026 7:55 AM IST
तांत्रिक की मदद से चोर पकड़ लिए पुलिसकर्मियों ने! हंगामे के बाद एसपी ने किया सस्पेंड
x
पढ़े पूरी खबर

राजस्थान। नागौर जिले के सुरपालिया थाना क्षेत्र में गहना चोरी के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है. आरोप है कि कथित तांत्रिक की भविष्यवाणी के आधार पर संदेह जताते हुए पुलिस ने दो महिलाओं को थाने बुलाकर मारपीट की. घटना के बाद परिजन जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है.

बुडिया की ढाणी, डेह के निवासी भंवरलाल बुडिया के अनुसार 4 - 5 फरवरी 2026 को परिवार में शादी समारोह था. 6 फरवरी को रिश्तेदार जेठी देवी ने फोन कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने की सूचना दी. 11 फरवरी को सुरपालिया थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया. परिजनों का आरोप है कि 12 और 13 फरवरी को पूछताछ के नाम पर भंवरलाल और उनकी बहनों मैना व सुगना को थाने बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और शांति भंग के आरोप में बैठा लिया गया. बाद में जायल ले जाकर कागजातों पर हस्ताक्षर करवाने का भी आरोप है. परिवार का दावा है कि सामने वाले पक्ष ने एक तांत्रिक से सलाह ली थी, जिसने कथित तौर पर दोनों बहनों पर जेवर छिपाने का शक जताया. इसी के बाद पुलिस का रुख बदला. आरोप है कि महिला कांस्टेबल की मौजूदगी के बिना पुरुष पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की. मारपीट में एक महिला के हाथ में फ्रैक्चर होने का दावा किया गया है. दोनों महिलाओं का उपचार नागौर के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है.

जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डूंगरसिंह बाना के नेतृत्व में परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और एएसआई गुमाना राम विश्नोई पर पैसे लेकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया. करीब दो घंटे चली वार्ता के बाद जांच अधिकारी बदलने के निर्देश दिए गए. परिजनों ने मांगें नहीं माने जाने पर थाने के घेराव की चेतावनी दी है. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर मामले को गंभीर बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला दिया और डीजीपी से दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन व मुकदमा दर्ज करने की मांग की. उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परवेंद्र महेला ने मारपीट की जांच मूंडवा सीओ को और चोरी प्रकरण की जांच जायल एसएचओ को सौंपी है. एएसआई को पुलिस लाइन बुला लिया गया है. अब देखना है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं.


Next Story
null