
बंगाल। चुनावी ड्यूटी में लापरवाही करने वाले पश्चिम बंगाल के 7 अधिकारियों को चुनाव आयोग ने निलंबित कर दिया है. आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि इन अधिकारियों के खिलाफ उनके संबंधित कैडर नियंत्रण अधिकारियों द्वारा बिना किसी देरी के अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जाए और इसकी जानकारी आयोग को दी जाए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलंबित होने वाले अधिकारियों में मुर्शिदाबाद के समसेरगंज से एईआरओ डॉ. सफी उर्रहमान और फरक्का के एईआरओ नीतीश दास शामिल हैं. इनके अलावा मैनागुड़ी की डालिया रे चौधरी और सूती ब्लॉक के एसके मुर्शिद आलम पर भी गाज गिरी है.
दक्षिण 24 परगना के कैनिंग पुरबो निर्वाचन क्षेत्र से एआरओ सत्यजीत दास और जॉयदीप कुंडू को भी निलंबित किया गया है. वहीं, डेबरा विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त बीडीओ और एआरओ देबाशीष बिस्वास के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.





