पुलिस अधिकारी ने कर्नल को जड़ा थप्पड़, कार को ठोकर मारने पर हुआ विवाद

लखनऊ। तेलीबाग चौराहे पर उल्टी दिशा से आ रहे दरोगा ने कर्नल की कार में टक्कर मारी। विरोध करने पर दरोगा ने कर्नल को पत्नी और बेटी के सामने ही कई तमाचे जड़े। इसके बाद कर्नल को कार से कुचलने का प्रयास किया। तेलीबाग चौराहे पर घटना के वक्त ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी थे। पर, किसी ने भी कर्नल की मदद नहीं की। वारदात के बाद पीड़ित ने पीजीआई कोतवाली में दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
हरदोई बेलीग्राम निवासी आनन्द प्रकाश सुमन एनसीसी डायरेक्ट्रेट पटना में कर्नल है। कुछ दिन पहले आनन्द की भाभी का देहांत हुआ था। जिसके कारण आनन्द पत्नी मधु और बेटी के साथ हरदोई आए थे। शनिवार सुबह वह परिवार संग बड़े भाई दिलीप के घर जा रहे थे। कर्नल के मुताबिक तेलीबाग चौराहे पर रेड लाइट थी। उन्होंने कार रोक दी। सिग्नल खुलते ही उल्टी दिशा से आ रहे दरोगा ने कार से आनन्द की कार में टक्कर मार दी। कर्नल ने गलत तरीके से गाड़ी चलाने पर दरोगा को टोका था। यह बात आरोपित को बर्दाश्त नहीं हुई। दरोगा कार से उतर कर कर्नल के पास पहुंचा और पांच तमाचे जड़ दिए।
पत्नी और बेटी के सामने मारपीट होने से कर्नल अवाक रह गए। वहीं, मारपीट करने के बाद दरोगा कार की तरफ वापस मुड़ा। इस बीच कर्नल भी कार से बाहर निकल आए और मदद के लिए शोर मचाया। चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी, बड़ी संख्या में वाहन सवार मौजूद थे पर किसी ने भी बीच बचाव नहीं किया न ही दरोगा को रोकने की कोशिश की। पीड़ित ने दरोगा को सेना में होने की जानकारी दी थी। इसके बाद भी दरोगा ने अभद्रता करना बंद नहीं किया। मारपीट करने के बाद आरोपित ने कर्नल को कार से कुचलने का प्रयास किया था। यह आरोप लगाते हुए आनन्द प्रकाश सुमन ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें साफ तौर पर कार से कुचलने की बात लिखी थी। पर, पुलिस ने आरोपों को अनदेखा करते हुए मारपीट, धमकी देने और लापरवाही से वाहन चलाने की धारा में दरोगा पर मुकदमा दर्ज किया। तेलीबाग चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात थे। जिनके सामने ही कर्नल से मारपीट हुई। घटना कर भागे दरोगा के बारे में पूछने पर सिपाही ने जानकारी होने से मना कर दिया। आनन्द प्रकाश सुमन ने बताया कि पीजीआई पुलिस ने भी दरोगा की पहचान करने का प्रयास नहीं किया, जबकि तेलीबाग चौराहे पर सीसी कैमरे भी लगे हैं। जिसकी मदद से आरोपित की आसानी से पहचान हो सकती है।





