भारत

पुलिस इंस्पेक्टर की पत्नी से 66 लाख की ठगी, शातिर ने शेयर बाजार में निवेश का दिया लालच

Nil dhankar
24 Aug 2025 7:56 AM IST
पुलिस इंस्पेक्टर की पत्नी से 66 लाख की ठगी, शातिर ने शेयर बाजार में निवेश का दिया लालच
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। सहारनपुर में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला सदर बाजार थाने में तैनात इंस्पेक्टर दिनेश कुमार की पत्नी से जुड़ा है. जिन्हें निवेश का झांसा देकर 66 लाख रुपये ठग लिए गए. पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार दिसंबर 2024 में शामली निवासी डॉ. विक्की और बागपत के अनिल ने संपर्क साधा और उन्हें शेयर बाजार में निवेश का लालच दिया.शुरुआत में इंस्पेक्टर ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने उनकी पत्नी को निशाना बनाया. महिला को मेरठ स्थित विनर विजन ग्लोबल कंपनी के दफ्तर ले जाया गया. जहां शक्ति सिंह उपाध्याय ने खुद को कंपनी का एमडी बताते हुए दावा किया कि निवेश की रकम 22 महीनों में दोगुनी हो जाएगी.

आरोपियों ने पहले 46500 रुपये लेकर एक आईडी बनाई और फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए ट्रेडिंग का खेल दिखाकर भरोसा जीता. इसके बाद धीरे-धीरे महिला से लाखों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर, चेक और नकद के जरिए वसूले गए. पीड़िता ने कुल 66.36 लाख रुपये इस कंपनी में निवेश कर दिए. जब उन्होंने कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) की वेबसाइट पर जांच की तो पता चला कि कंपनियों का कोई रिकॉर्ड नहीं है.

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी एक संगठित सिंडिकेट चला रहे थे. जिसमें मैनेजर, सचिव, कैशियर और नेटवर्क जैसे पदों पर लोग तैनात थे. इस गिरोह में शक्ति सिंह, राजकुमार, सविता, अनिल, मनजीत गौड़, अनिल मोटा, डॉ. विक्की, ओम सिंह, राखी और आयशा समेत कई लोग शामिल पाए गए. पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब उनकी तलाश शुरू कर दी है.

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शक्ति सिंह कई बार सहारनपुर आया और अलग-अलग होटलों में मिलकर लाखों रुपये ले गया. ठगी के दौरान एक लड़की आयशा को भी शामिल किया गया, ताकि भरोसे में लिया जा सके. पुलिस के मुताबिक बाद में जब पीड़िता ने कंपनी के दस्तावेज और मालिकों से मिलने की बात कही तो मना कर दिया गया. पुलिस की मानें तो आरोपी पहले लोगों को छोटे निवेश से लालच देते हैं और नकली मुनाफे दिखाकर विश्वास जीतते हैं. इसके बाद बड़ी रकम वसूल लेते हैं. ठगी का शिकार होने के बाद जब पीड़िता ने कंपनी से पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो पूरा ऑफिस बंद मिला और आरोपी फरार हो गए.


Next Story
null