भारत

पुलिस ने तोड़ा चिट्टा तस्करी नेटवर्क, पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ छापामारी

Shantanu Roy
7 Jun 2026 4:48 PM IST
पुलिस ने तोड़ा चिट्टा तस्करी नेटवर्क, पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ छापामारी
x
Shimla. शिमला। मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रारम्भ किए गए प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के अंतर्गत चिट्टा-मुक्त हिमाचल के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध निरंतर, प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत प्रदेश के कांगड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आपरेशन नया सवेरा चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक संगठित चिट्टा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, जो कांगड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय था। जांच में खुलासा हुआ कि इस नेटवर्क का संचालन पंजाब के जालंधर निवासी अभिषेक साहोता कर रहा था। उसने कांगड़ा जिले में कई वितरण केंद्र स्थापित कर रखे थे, जहां से चिट्टा की नियमित
आपूर्ति की जाती थी।


कांगड़ा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ में समन्वित छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज किए गए। अभियान के विभिन्न चरणों में कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें नेटवर्क के प्रमुख सहयोगी, वितरक, कूरियर और आपूर्तिकर्ता शामिल हैं। पुलिस ने 167.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 18 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक मालवाहक वाहन भी बरामद किया है। इस नेटवर्क से जुड़े कुल 23 मामले एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं। गत पांच जून को गौरव साहोता, हनी पुत्र सोमनाथ और हनी कुमार पुत्र ऋषि कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि हनी कुमार, जिसे गत पांच मार्च को चंडीगढ़ में गिरफ्तार किए गए अभिषेक साहोता का मुख्य आपूर्तिकर्ता पाया गया, नेटवर्क में हेरोइन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। वित्तीय जांच में पिछले एक वर्ष के दौरान लगभग 80 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। इनमें जनवरी 2026 से अब तक करीब 39 लाख रुपए के वित्तीय लेन-देन शामिल हैं।
Next Story