PM मोदी आज यूपी में, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

यूपी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां वे जेवर में देश की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे. यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में विकसित किया गया है.
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा, जहां 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होंगे. इससे राज्य की कनेक्टिविटी और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी. यह एयरपोर्ट इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद दिल्ली-NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा. दोनों एयरपोर्ट मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम के रूप में काम करेंगे, जिससे यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालना आसान होगा और हवाई यातायात का दबाव कम होगा. इससे दिल्ली-NCR को दुनिया के प्रमुख एविएशन हब्स की श्रेणी में लाने में भी मदद मिलेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 11:30 बजे जेवर पहुंचेंगे. यहां वे सबसे पहले नवनिर्मित टर्मिनल बिल्डिंग का विस्तृत अवलोकन करेंगे और एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं व तकनीक का जायजा लेंगे. इसके बाद, दोपहर 12:00 बजे प्रधानमंत्री नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-I का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शामिल है. इसके पहले चरण का विकास करीब ₹11,200 करोड़ के निवेश से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत किया गया है. जबकि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹29,560 करोड़ है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में ₹6,876 करोड़ कंसेशनायर द्वारा निवेश किए गए हैं, जबकि ₹4,406 करोड़ राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए हैं. शुरुआत में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ (70 मिलियन) यात्रियों तक किया जा सकेगा. यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया गया है और भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शामिल है.





