स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी कुछ देर में लाल किले में फहराएंगे तिरंगा

दिल्ली। देश आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. 15 अगस्त शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम लाल किले पर आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परंपरा के अनुसार तिरंगा फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से अपना 12वां लगातार स्वतंत्रता दिवस संबोधन देंगे. हाल ही में उन्होंने लगातार कार्यकाल में इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा है और अब लाल किले से लगातार भाषण देने के मामले में जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे स्थान पर होंगे.
पीएम मोदी के भाषण में राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक वृद्धि और उनकी सरकार के विस्तारित कल्याण मॉडल पर जोर रहने की उम्मीद है. पिछले साल 98 मिनट के संबोधन में मोदी ने समान नागरिक संहिता (UCC) पर जोर दिया था, 75,000 नए मेडिकल सीटें जोड़ने का ऐलान किया था और महिलाओं के खिलाफ अपराध, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण जैसे सामाजिक मुद्दों को उठाया था.
इस बार समारोह में देशभर से चुने गए 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 85 गांवों के सरपंचों को स्पेशल गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया है. इन सरपंचों को ग्रामीण भारत में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, महिला सशक्तिकरण और सतत शासन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है. सभी चयनित पंचायतों को स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ओडीएफ प्लस और जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल गांव घोषित किया गया है.





