भारत

कानपुर को आज पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात

Nilmani Pal
30 May 2025 7:34 AM IST
कानपुर को आज पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात
x

कानपुर। पीएम नरेंद्र मोदी आज यूपी के कानपुर में रहेंगे। सवा दो घंटे की यात्रा के दौरान मोदी 47,600 करोड़ की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसमें कानपुर में अंडरग्राउंड मेट्रो से लेकर पनकी व घाटमपुर के पावर प्लांट के अलावा सोनभद्र, बुलंदशहर व एटा के पावर प्लांट भी शामिल हैं। सुरक्षा में 4000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

मोदी शुक्रवार दोपहर 2:10 बजे विशेष विमान से चकेरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां करीब 30 लोगों से मिलेंगे। 35 मिनट बाद वह हेलीकॉप्टर से सीएसए विवि के हेलीपैड पर उतरेंगे और मैदान में बने जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। एसपीजी के निर्देश पर मोदी से मिलने वालों की कोविड जांच होगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का यह गोल्डन जुबिली वर्ष चल रहा है। ऐसे में विवि के मैदान पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक जनसभा करने आ रहे हैं और करोड़ों की सौगात देंगे। पीएम के आगमन को लेकर जनसभा स्थल से लेकर पूरा शहर सजकर तैयार है। मेट्रो के सभी स्टेशन सजाए गए हैं तो नियवेली पावर प्लांट और पनकी पावर प्लांट भी दुल्हन की तरह सजे हैं। वहीं, सीएसए विवि में पीएम के लिए बने तीन हेलीपैड की रंगाई-पुताई के साथ पूरे कैम्पस को मोदी और विभिन्न सौगातों के पोस्टर से सजाया गया है। पंडाल में लाभार्थियों के साथ आने वाली जनता के लिए कुर्सियों के साथ पानी का विशेष इंतजाम किया गया है।

Next Story
null