
रायपुर। छत्तीसगढ़ को आज रेल सेवाओं में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव आज रायपुर से जबलपुर तक चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दरअसल, पिछले दिनों भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नए ट्रेन के शुरुआत की जानकारी दी थी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, काफी लंबे समय से रायपुर से जबलपुर के लिए ट्रेन की मांग हो रही थी। अमरकंटक एक्सप्रेस के तौर पर सिर्फ एक ही ट्रेन इस रुट में होने के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। खासकर त्यौहार और पर्वों में लोगों को रेलमार्ग के बजाये बस या फिर दूसरे साधनों से जबलपुर रवाना होना पड़ता था।
रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन न केवल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि, केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिससे जनता को सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।





