
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 सितंबर को मणिपुर दौरे से पहले- यानी राष्ट्रपति शासन लागू हुए पूरे सात महीने बाद- राज्य में राजनीतिक और सुरक्षा गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है. मंगलवार सुबह राज्यपाल ए.के. भल्ला ने चुराचांदपुर जिले के भाजपा विधायकों से डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में मुलाकात की और दौरे से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की.
बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू हुई, जिसमें तिपाइमुख के विधायक नगुरसंगलूर सनाते, थानलोन के वुंगजगिन वाल्टे, हेंगलेप के लेटजामंग हाओकिप, चुराचांदपुर के एल.एम. खाउटे और सैकॉट के पाओलिएनलाल हाओकिप शामिल हुए. इनके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष थंगलाम हाओकिप भी मौजूद थे. सिंगहाट के विधायक चिनलुंथांग इस बैठक से अनुपस्थित रहे.
बैठक में मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल, डीजीपी राजीव सिंह और सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह भी शामिल हुए. सूत्रों के अनुसार, कुकी-जो विधायकों ने राज्यपाल को बताया कि वे प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें 'राजनीतिक समाधान' की मांग दोहराई जाएगी- जिसका व्यापक अर्थ कुकी-जो बहुल पहाड़ी जिलों के लिए केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा माना जा रहा है.





