भारत

विदेश दौरे से लौटकर बड़ी बैठक करने जा रहे PM मोदी

Nilmani Pal
21 May 2026 6:37 AM IST
विदेश दौरे से लौटकर बड़ी बैठक करने जा रहे PM मोदी
x
दिल्ली। भारत में तेल संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में उनका पूरा मंत्री परिषद शामिल होगा। खबर है कि उन्होंने सभी मंत्रियों से दिल्ली में रहने के लिए कहा है। हाल ही में पीएम मोदी 5 देशों की यात्रा पर गए थे। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इस दौरान कैबिनेट विस्तार समेत कई अन्य मुद्दे भी उठाए जा सकते हैं। फिलहाल, बैठक के एजेंडा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच, यह इस साल मंत्री परिषद की पहली बैठक होगी। खास बात है कि ईंधन की कमी की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री मोदी पहले ही जनता से वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लासेज जैसी अपीलें कर चुके हैं। वहीं, उन्होंने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या में भी कटौती कर दी थी। खास बात है कि बीते एक सप्ताह से भी कम समय में दो बार पेट्रोल और डीजल के दामों में इजाफा हो चुका है।

पीएम मोदी की अगुवाई में होने वाली यह बैठक शाम 4 बजे सेवा तीर्थ में होगी। इस दौरान खासतौर से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और भारत पर पड़ने वाले इसके असर पर चर्चा हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि पीएम मोदी विदेश से लौटने के बाद मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं। इससे पहले सरकार ने एक हाई पावर ग्रुप तैयार किया है, जिसका नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं।

Next Story