
अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। वाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत जल्द ही एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर पहुंचने वाले हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को लेकर भी कई अहम बातें कहीं।
ओवल ऑफिस में मीडिया से रूबरू होते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और पीएम मोदी के साथ अपनी केमिस्ट्री का जिक्र किया। ट्रंप ने कहा, "मैं आपके प्रधानमंत्री को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और हमारे बीच बेहतरीन तालमेल है। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं।" तारीफ के साथ-साथ ट्रंप ने अपने पुराने तेवर दिखाते हुए व्यापार असंतुलन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, "बरसों तक भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया। उन्होंने हमारे सामानों पर भारी-भरकम टैरिफ लगाए और खुद कुछ नहीं चुकाया। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और हम भारत के साथ काफी मुनाफा कमा रहे हैं। बहरहाल, हम जल्द ही एक डील पर पहुंच जाएंगे।"
यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देश अपने आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने और लंबे समय से चले आ रहे व्यापारिक मुद्दों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी सिलसिले में 1 जून से 4 जून के बीच नई दिल्ली में भारत और अमेरिका के बीच चार दिनों की महत्वपूर्ण व्यापार वार्ता संपन्न हुई है। इस बैठक में यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी अधिकारियों ने अपने भारतीय समकक्षों के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने इस बातचीत को रचनात्मक बताया है और कहा है कि एक पारस्परिक रूप से लाभकारी अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयास जारी हैं। इसके समानांतर एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी बातचीत चल रही है।
हाल के हफ्तों में इस व्यापार समझौते को लेकर हलचल काफी तेज हुई है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संकेत दिए हैं कि बातचीत अब अपने अंतिम चरण में है और केवल कुछ सीमित मुद्दे ही सुलझने बाकी हैं। दूसरी ओर, भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी स्पष्ट किया है कि अधिकांश मामलों को निपटा लिया गया है। अब पूरा ध्यान समझौते के पहले चरण को सार्वजनिक करने से पहले बचे हुए तकनीकी विवरणों को अंतिम रूप देने पर केंद्रित है।





