भारत

'छोटा किसान बने देश की शान', लाल किले से पीएम मोदी ने दिया नारा

Sarita
15 Aug 2021 10:42 AM IST
छोटा किसान बने देश की शान, लाल किले से पीएम मोदी ने दिया नारा
x

फाइल फोटो 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनका सपना है कि देश के छोटे किसान भारत की शान बनें और केंद्र सरकार इसे ही ध्यान में रखकर कृषि सुधारों की दिशा में कदम बढ़ा रही है.

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनका सपना है कि देश के छोटे किसान भारत की शान बनें और केंद्र सरकार इसे ही ध्यान में रखकर कृषि सुधारों की दिशा में कदम बढ़ा रही है. 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले सालों में हमें देश के छोटे किसानों की सामूहिक शक्ति को और बढ़ाना होगा और उन्हें नई सुविधाएं देनी होंगी. उन्होंने कहा कि गांव, किसान की जमीन को विवाद का नहीं बल्कि विकास का आधार बनाने पर काम हो रहा है.

उन्होंने कहा कि हमें कृषि क्षेत्र की एक बड़ी चुनौती की ओर भी ध्यान देना है, ये चुनौती है गांव के लोगों के पास कम होती जमीन. पीएम ने कहा, "देश के 80 प्रतिशत से ज्यादा किसान ऐसे हैं, जिनके पास 2 हेक्टेयर से भी कम जमीन है. पहले जो देश में नीतियां बनीं, उनमें इन छोटे किसानों पर जितना ध्यान केंद्रित करना था, वो रह गया. अब इन्हीं छोटे किसानों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जा रहे हैं. छोटा किसान बने देश की शान, यह हमारा सपना है."
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में छोटे किसानों की ताकत को बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा, "फसल बीमा योजना में सुधार हो, एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) डेढ़ गुना करने का निर्णय हो, छोटे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से सस्ते दर से बैंक से कर्ज मिले इसकी व्यवस्था हो, सोलर पावर से जुड़ी योजनाओं को खेत तक पहुंचाने की बात हो, किसान उत्पादक संगठन हो, सारे प्रयास छोटे किसानों की ताकत बढ़ाएंगे."
उन्होंने कहा कि आनेवाले समय मे ब्लॉक स्तर तक वेयरहाउस की सुविधा बनाने का भी अभियान चलाया जाएगा. पीएम ने कहा कि कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक क्षमता का इस्तेमाल जरूरी है और अब इस मामले में ज्यादा इंतजार नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा, "कोरोना के दौरान देश ने तकनीकी की ताकत और हमारे वैज्ञानिकों की सामर्थ्य और प्रतिबद्धता को देखा है. देश के हर क्षेत्र में हमारे वैज्ञानिक सूझबूझ से काम कर रहे हैं. समय आ गया है कि हम अपने कृषि क्षेत्र में भी वैज्ञानिकों की क्षमताओं और उनके सुझावों को भी जोड़ें."
किसान रेल के जरिए उपज को एक कोने से दूसरे कोने में भेजा जा रहा- पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसानों का सशक्त और मजबूत बनाने के लिए अब तक डेढ़ लाख करोड़ रुपए की राशि छोटे किसानों के खातों में डाली जा चुकी है. उन्होंने कहा, "इसके अलावा 70 से अधिक मार्गों पर किसान रेल चलाई जा रही हैं. इन रेलों के जरिए कृषि उपज को देश के एक कोने से दूसरे कोने में भेजा जा रहा है. इससे किसानों को सस्ते भाड़े पर उनके उत्पाद मंडियों तक पहुंचाये जा रहे हैं जहां उनकी मांग है."
प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए उनकी जमीन के आधार पर बैंकों से कर्ज दिलाने की सुविधा वाली स्वामित्व योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ''देश में ड्रोन के जरिए काम हो रहा है, दस्तावेजों को आनलाइन अपलोड किया जा रहा है, इससे बैंकों से आसानी से कर्ज मिल रहा है और गांव की जमीन विवाद का नहीं विकास का आधार बन रही है.''


Next Story