
पटना। जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव और अनुष्का के भाई आकाश यादव के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तेज प्रताप ने पटना के सचिवालय थाने में आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दी है। उन पर छवि खराब करने, ब्लैकमेलिंग और पैसे की उगाही के आरोप लगाए गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी हत्या की कोशिश की जा रही है, 4 लोग उनके घर में जबरन घुस आए थे, हो सकता है कि हम पर बम फेंकवा दे।
जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव शुक्रवार रात को पटना के सचिवालय थाने पहुंचे। उन्होंने छात्र नेता आकाश यादव समेत 8 लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी। सचिवालय थानेदार गौतम कुमार ने बताया कि इस बाबत शिकायत मिली है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाने के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्षियों से मिलकर षडयंत्र और साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया, “वह (आकाश यादव) मेरी हत्या करवाना चाहता है। जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, तो उसके बाद 4 लोग हमारे घर में जबरन घुस आए थे। हमारे पास सुरक्षा नहीं है। सुरक्षा को हमने सरकार के हवाले कर दिया था। ऐसे में जबरदस्ती घुसकर 4 लोग मेरी हत्या करने आए, जब तक हमने पकड़ा वो निकल गए। हो सकता है हम पर बम फेंकवा दें, हमला करवा दें, कुछ भी हो सकता है।” उन्होंने कहा कि वह प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कोर्ट में भी आवेदन दिया है। इस पर प्रक्रिया चल रही है। एक सवाल के जवाब में जेजेडी चीफ ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मिलना होगा तो वह उनसे भी मिलेंगे।





