
x
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब व उसके आसपास की पंचायतें साफ रहे इसके लिए सरकार द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बावजूद शहरवासी व गांववासी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। आदत से इतने मजबूर हो चुके हैं कि वह अपने घर का कचरा एनएच पर डाल रहे हैं या घर के साथ लगती सडक़ पर ही डाल रहे हैं। एनएच व सडक़ पर कचरा न फेंकने के लिए कई बार कहा गया लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इससे आसपास के लोग परेशान हैं। इसके कारण यहां जानवरों का आतंक भी कम नहीं हो रहा है। जानवर सडक़ किनारे लगे कचरे के ढेर को इधर-उधर कर देते हैं।
वहीं नगर परिषद व पंचायतों द्वारा सडक़ों से कूड़ा तो उठाया जा रहा हैं, परंतु फिर भी लोग सडक़ पर ही कूड़ा फेंक रहे हैं। शहर के बस स्टैंड, बाजार, एनएच पर हमेशा कचरे का ढेर लगा रहता है। इससे लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पांवटा में स्थित विश्वकर्मा चौक माजरा के समीप एनएच पर भी कुछ लोग आए दिन कूड़ा डाल रहे हैं। इससे यहां सफाई के बाद भी कचरे का ढेर लगा रहता है। इस दौरान एसडीएम पांवटा गुंजित चीमा ने बताया कि कूड़ा-कचरा के लिए हर वार्ड में प्रतिदिन गाड़ी जाती है। पंचायतों में भी कूड़ेदान लगाए गए हैं। कुछ लोग अपनी आदत से मजबूर हो गए हैं। वह कूड़ा गाड़ी में नहीं डालकर सडक़ पर ही फेंक देते हैं। वैसे सडक़ किनारे कूड़ा की भी सफाई करवाई जाती है। कई बार लोगों को समझाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कूड़ा फेंकते पकड़ा गया तो जुर्माना किया जाएगा।
Next Story





