भारत

गहरी खाई में गिरी पिकअप, 24 वर्षीय युवक की मौत

Shantanu Roy
27 Jun 2026 3:42 PM IST
गहरी खाई में गिरी पिकअप, 24 वर्षीय युवक की मौत
x
Sundarnagar. सुंदरनगर। उपमंडल सुंदरनगर के पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी के अंतर्गत पुलिस चौकी निहरी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा पेश आया। रोहांडा-ओकल मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार और शनिवार देर रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना के समय वाहन में दो युवक सवार थे। हादसे में पुष्पराज (24) पुत्र घनश्याम, निवासी गांव बैहली, डाकघर चौकी, तहसील निहरी, जिला मंडी की घटनास्थल पर ही
मौत हो गई।


धर्मेंद्र कुमार (23) पुत्र शुक्र राम, निवासी गांव टिकरा धार, डाकघर चौकी, तहसील निहरी, जिला मंडी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story