भारत

पीएचडी छात्र ने किया सुसाइड, अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से कूदा

Nilmani Pal
21 Jan 2026 7:21 AM IST
पीएचडी छात्र ने किया सुसाइड, अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से कूदा
x
पढ़े पूरी खबर

कानपुर। कानपुर आईआईटी में आत्महत्या का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अर्थ साइंस के रिसर्च स्कॉलर राम स्वरूप ईशराम ने पीएचडी अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। वह पत्नी और दो साल की बेटी के साथ रहता था। राजस्थान निवासी राम स्वरूप ईशराम एंजाइटी से पीड़ित था और उसकी काउंसिलिंग भी चल रही थी। 23 दिन के भीतर संस्थान में यह दूसरी आत्महत्या है।

राजस्थान के चुरू के गिरवरसर, विधासर के रहने वाले राम प्रताप ईशराम का 25 वर्षीय बेटा राम स्वरूप ईशराम आईआईटी कानपुर में अर्थ साइंस विभाग से पीएचडी कर रहा था। वह पत्नी मंजू और दो साल की बेटी के साथ कैंपस में बने एसबीआरए बिल्डिंग की छठवीं मंजिल में एए-21 में रहता था। इस अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहने वाले शोधार्थियों को फ्लैट एलॉट किया जाता है। मंगलवार दोपहर राम स्वरूप फ्लैट से बाहर निकला और गलियारे में बनी बालकनी से छलांग लगा दी। इससे वह बिजली के पोल से टकराते हुए सड़क पर जा गिरा। सुरक्षाकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

आईआईटी कानपुर में पिछले 12 माह के दौरान पांच होनहारों ने अपनी जान दे दी। संस्थान में लगातार हो रही आत्महत्या की घटनाओं ने एक बार फिर काउंसिलिंग सेल और छात्र सहयोग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि संस्थान का दावा है कि वह छात्रों को तनावमुक्त रखने के लिए काउंसिलिंग सेल की सुविधा देने के साथ ही पढ़ाई का बोझ भी कम कर रहा है। लेकिन फरवरी 2025 से अभी तक पांचवीं मौत है।


Next Story
null