भारत

पेट्रोल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, पेट्रोल लूटने टूट पड़े लोग

Nilmani Pal
28 March 2026 6:14 AM IST
पेट्रोल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, पेट्रोल लूटने टूट पड़े लोग
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर में हादसा हो गया। गुजैनी एलिवेटेड पुल पर शुक्रवार देर शाम पेट्रोल लदे टैंकर में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और फिर उसमें से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। इसके बाद मानो पेट्रोल की लूट मच गई। पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के बीच लोग ड्रम, बाल्टी, बोतल में पेट्रोल भरकर भागने लगे। इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को खदेड़ा। इसके बाद फायरब्रिगेड की मौजूदगी में दूसरा टैंकर मंगवाकर पेट्रोल खाली कराया गया। इस दौरान हाईवे की एक लेन पर जाम लगा रहा।

बांदा तिंदवारी के जबलपुर गांव निवासी टैंकर चालक मुन्ना प्रसाद ने बताया कि वह रायपुर स्थित एचपीसीएल के डिपो से टैंकर में पेट्रोल भरवाकर शिवराजपुर जा रहा था। गुजैनी एलिवेटेड पुल पर टैंकर खराब हो गया। इस पर टैंकर को साइड में करके मिस्त्री बुलवाकर ठीक कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा वाहन टैंकर को साइड से टक्कर मारते हुए निकल गया। किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया।

एमसील लगाने के बाद भी पेट्रोल का रिसाव बंद नहीं हुआ। आसपास के लोगों से बाल्टी मांगी और बताया कि टैंकर से पेट्रोल गिर रहा। इतना सुनते ही जिसके हाथ में जो लगा वह लेकर पेट्रोल भरने दौड़ पड़ा। लोगों की भीड़ देख तत्काल कंपनी और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। गोविंदनगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस, फायरब्रिगेड और एचपीसीएल के अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल को दूसरे टैंकर में खाली करवाया गया।

Next Story