भारत

आरोपी की दुकान खाली कराने की मांग को लेकर सडक़ पर उतरे लोग

Shantanu Roy
17 Jun 2026 5:18 PM IST
आरोपी की दुकान खाली कराने की मांग को लेकर सडक़ पर उतरे लोग
x
चंबा। चुराह उपमंडल में वाहन चालक की निर्मम हत्या में शामिल आरोपी की दुकान खाली करवाने की मांग को लेकर कल्हेल पंचायत के ग्रामीणों ने सैंकडों की तादाद में मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लगा दी दिया। इस दौरान दुकान के बाहर तोडफ़ोड़ भी की गई। इससे बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते स्थिति को तनावपूर्ण होता देख किहार पुलिस थाना और क्यूआरटी टीम को मौके पर बुलाकर हालात पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन की सूचना पाते ही एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा और तीसा पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश करने के साथ ही हत्या की इस वारदात को लेकर अभी तक अमल में लाई कार्रवाई की जानकारी भी दी, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों की मांग थी कि हत्यारे के परिवार की यह दुकान तुरंत खाली करवाई जाए। इसी बीच भंजराडू पंचायत प्रधान कृष्णा महाजन और तहसीलदार आशीष ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। घंटों की कडी मशक्कत के बाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों के बाद ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया गया कि मांग पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story